बुधवार, 30 मई 2012

संदर्भ का संगीत- गैंग्स आफ़ वास्सेपुर


‘जिया हे बिहार के लाला’ गीत को गैंग्स आफ़ वास्सेपुर के सिग्नेचर गीत की तरह प्रचारित किया जा रहा है. यह गीत आकर्षित करता है लेकिन यह माहौल को अभिव्यक्त करने वाला और मूड बनाने वाला गीत है. शायद इसीलिये इंटरनेट पर इस गीत को पहले पेश किया गया. ताकि मूड बन जाये और वास्सेपुर को हम थोड़ा जान लें. इसके बाद चटनी गीत हंटर आया, इसमें एक चुहल है और बहुत गौर से सुनेंगे तो एक दूसरा अर्थ भी निकलेगा लेकिन वहीं निकाल पायेंगे जो ‘बकैती’ में सक्षम है. गैंग्स आफ़ वास्सेपुर का सबसे चौंका देने वाला और छू लेने वाला गाना ‘हमनी के छोड़ के दुआरवा ए बाबा’ गीत है. मैंने इस गीत को सुना और हतप्रभ रह गया. ऐसी आवाज, ऐसा शब्द अब तो हम अपने अंचल में भी नहीं सुन पाते. भोजपुरी को छवि को विकृत कर देने वाले और उसके चटकारेपन को मुख्य भाव बना कर पेश करने वाले गीतों के बीच ऐसा भी गाना भोजपुरी में हो सकता है यह शायद बहुत भोजपुरियों ने भी नहीं सोचा होगा. मेरे लिये, यह इस अलबम का सबसे खास गाना है. जिसे मैं अब तक अनगिनत बार सुन चुका हूं और इसके साथ फ़िल्म के अन्य गानों को भी कई कई बार सुन चुका हूं. शब्द इस गीत की जान है ही जिस मौलिकता में इसे लिपिबद्ध किया गया है वह भी सराहनीय है. इस गीत में केवल हारमोनियम है जिसके साथ हम एक किशोर गायक की आवाज सुन पा रहें हैं, जो तन्मयता के साथ शब्द को मर्म देता है, मसलन ‘…सुनसान भईली डगरिया ए बाबा/ कि आ रे बाबा निमिया हो गईली पतझार/ कवन बनवा माई गईली हो…’ इस आवाज ने शब्दों में बड़ी सहजता से तलाश, दु:ख और बेचैनी को भर दिया है. मुझे याद नहीं आता कि मैंने भोजपुरी में आखिरी बार कब ऐसा मार्मिक गीत सुना था.  गायक की आवाज का जो ठहराव है वह तो लगभग भोजपुरी संगीत से गायब हो चुका है, वहां गति ही मुख्य है. यह गीत ऐसा है जो बहुत कुछ लिखने के लिये उकसा रहा है लेकिन अगले गानों पर चलते हैं.
‘सूना कर के घरवा’ एक बिरहा गीत है जिसमें पलायन करने को बाध्य पुरुषों के विरहणियों का दर्द है. जो बहुत हद तक भोजपुरी समाज का यथार्थ रहा है. गांवो के चौपालों और कीर्तन मंडलियों पर इस प्रकार के गुंजने वाले गीतों की छवि इस गीत में मौजुद है. भोजपुरी में ‘पुरबी’ गीतों की एक परंपरा ही है. और कोईलरी में जाने वाले मजदुर भी इन गीतों के प्रसंग आते हैं जो घर छोड कर चले गये हैं लेकिन उनकी कोई खबर घर तक नहीं पहूंचती. इस गीत को भी स्वाभाविकता में मुद्रित किया गया है. एक अन्य दुर्लभ गीत है नटुआ नाच का ‘पहिले प्राण था’. इस गीत को अन्य ध्वनियों के साथ मिश्रित किया गया है, इससे कुछ शब्द समझ में नहीं आते. नटुआ नाच की लुप्त होती जा रही गायन शैली को इसमें पकड़ा गया है. इस गीत में गायक के आवाज का चढ़ाव सुनने लायक है जो अन्य ध्वनियों के साथ मिलकर एक वातावरण रचता है. ‘वुमानिया’ गीत भी रोचक है जो एक समूह गीत हैं. इसमें भी डिजिटल ध्वनियों को आवाज के साथ मिश्रित कर के प्रभाव पैदा किया गया है. यह विवाह शादी के समय गाया जाने वाला गारी गीत की तरह लगता है जो पूर्वांचल में गाया जाता है. गीत के बीच में आया जाने वाला ओ ओ ओ हो ओ का जो आलाप है वह गाने को खास बनाता है.  ‘भुस की डेरी में राई के दाना’  में शब्दों का संयोजन प्रभावी है जो अन्योक्ति की तरह है और  तलाश के असफ़ल हो जाने की नियति को मनोरंजक ढंग व्यक्त करता है. इसमें गायकों की आवाज भी काफ़ी भिन्न है. ‘मनमौजी’ एक प्रेमगीत है जो अभिसार को उत्सुक नायिका के भाव और उत्साह को व्यक्त करता है. खुले बाजुबंद और फ़टे काज में संभल के चलने वाले इस गाने को गायिका ने बेलौस होकर गाया है. पीयुष मिश्र के गाये और लिखे  ‘इक बगल में चांद होगा’ आशा का गीत है जिसमें मौत को ठेंगा दिखाने, उठ खड़े होने, रोटी और लोरी के ऊपर नींद को तरजीह देने की बात की गई है. अपनी आवाज से पीयुष मिश्रा शब्दों में मर्म को बुनते हैं जो सुकून देता है.
स्नेहा खानवलकर ने संगीतकार के अपने अब तक के सफ़र में काफ़ी आश्वस्त किया है. मौलिकता के साथ खूबी यह है कि वह संगीत को स्टुडियो के कृत्रिम सरंचना से बाहर निकाल कर खुले में ले आईं हैं. एम.टी.वी. पर आ रहे कार्यक्रम ‘साऊंड ट्रिपिन’ में संगीत की खोज की उनकी यात्रा, रचनाशीलता और रचनाशीलता की बेचैनी की यात्रा है. वास्सेपुर के संगीत में भी इसी मौलिक आवाज की खोज की बैचेनी और उसको दर्ज करने का प्रयास साफ दिखता है. उन्होंने संगीत के स्वर में आवाज और शब्द को गुम नहीं होने दिया है. लोकगीतों के साथ बरती गई उनकी संजीदगी से कम से कम बिहार और भोजपुरी के संगीतकारों को प्रेरणा लेनी चाहिये जिन्होंने तालाब को गंधा दिया है. अनायास ही स्नेहा ने भोजपुरी संगीत की ताकत को उभार दिया है. गीतों मे जहां वे आधुनिक ध्वनियों को मिश्रित करती है वहां भी उन्होंने मौलिकता को कायम रखा है. असली को दर्ज करने का यह प्रयास सराहनीय है . स्नेहा ने दरसल कुछ ऐसी आवाजों का और संगीत का दस्तावेजीकरण कर दिया है जो भविष्य में संभवतः ना रहे.
फ़िल्म संगीत को फ़िल्म की सरंचना में घुलना होता है. वैसे यह अनिवार्य नहीं है क्योंकि हमेशा गीतों को एक अतिरिक्त आकर्षण तत्व की तरह इस्तेमाल किया जाने का इतिहास भी है.(हिन्दी और भोजपुरी सिनेमा में) लेकिन अनुराग कश्यप की फ़िल्मों में ऐसा नहीं है. गुलाल और देव डी का संगीत याद कीजिये जहां संगीत के बिन आप फ़िल्मों की कल्पना नहीं कर सकते, वह अंतर्वस्तु में घुले हुए हैं. वासेपुर में भी भोजपुरी अंचल के संगीत को जिस तरह स्नेहा खानवलिकर ने तीन साल के शोध और मेहनत से पूरी अलबम में गुंथा है वह आगे की कहानी कह देता है कि फ़िल्म के वातवरण में यह गीत किस तरह रहेंगे. अब इंतजार फ़िल्म का है जिसमें हम इन गीतों की बुनावट को देखेंगे.
वैसे यह जगह नहीं है लेकिन फ़िर भी स्नेहा खानवलिकर जैसी युवा संगीतकार असली धुन असली आवाज और असली संगीत की खोज कर लेती हैं जो फ़िल्म की कहानी के संदर्भित अंचल से संबंधित होता है लेकिन भोजपुरी फ़िल्मों के संगीतकार ऐसा क्युं नहीं करते? कुछ अपवादो को छोड़ दें तो भोजपुरी फ़िल्मों का संगीत अब कृत्रिम ध्वनियों से बजबजा गया है. वैसे हिन्दी में भी यह परंपरा  संदर्भीकरण की परंपरा कम ही रही है. स्नेहा हिन्दी में भी अपवाद की तरह हैं.

गुरुवार, 29 मार्च 2012

सफ़र के कुछ बिखरे हुए बिंब...

बैंग्लोर से शिमोगा की बसयात्रा के दौरान पहला पड़ाव

बस से बाहर झांकने का नजारा

शिमोगा बस अड्डे के बाहर

सागर में मेरा कमरा

नीनासम मेस का भोजन

पत्ता नहीं है केले के पत्ते जैसा है

हेग्गुड़ु का चौक जिसे सर्किल बोलते हैं

सेमिनार कक्ष के बाहर बना अल्पना

यक्षागान का ग्रीन रूम

अंतिम पंकित में खड़ा हूं..और यह तंबु का भी पिछला हिस्सा है

मंच के पास से भीड़ का नजारा

मंच पर प्रदर्शक

बैंग्लोर के रेस्टोरेंट में मैग्लोर की मछली

तिरुपति का विहंगम दृश्य

अरूंधती नाग

रंग शंकरा

बैंग्लोर का ट्रैफ़िक

जोग जल प्रपात

डेविड, मैं, बालकृष्ण, विनय, प्रवीण और ड्राईवर, मथुरा जी फ़ोटो ले रहें हैं.

यहां सेविंग कराया..यहीं पे लोहिया जी की तस्वीर लगी ह

नीनासम पुस्तकालय, यहां चप्पल उतार कर अंदर जाने का नियम है

नीनासम प्रेक्षागॄह

अल्पना रोज बदल जाता था

नीनासम परिसर
अल्पना फ़िर बदल गया



यक्षगान का बाक्स आफ़िस

इस दुकान से लगभग सभी ने खरीददारी की, इसमें बिकने वाले कपड़े यहीं बनते हैं
वापसी
हेग्गुड़ु में हुए सेमिनार के लिये की गई यात्रा का कुछ चित्रात्मक वृतांत...शब्द में भी दर्ज करने की कोशिश जारी है...

बुधवार, 14 दिसंबर 2011

अंधेरे की हकीकत- द डर्टी पिक्चर


सिल्क को उसके मां बाप ने पैदा नहीं किया…सिल्क को उसने पैदा किया जो उसे चाहते हैं
जब शराफ़त के कपड़े उतरते हैं तो सबसे मज़ा शरीफ़ों को ही आता है
तुम हमारी रातों का वो हिस्सा हो जिसे दिन में कोई देखना नहीं चाहता..
स्टार जब बुझ जाते हैं तब अंधेरे में गुम हो जाते हैं…                 
ऐसे कितने ही सुक्तिनुमा संवादों से अंटा पड़ा है द डर्टी पिक्चर जो एक ओर सीधे चोट करती है तो दुसरो ओर फ़िल्म की शैली को रेटारिक की ओर ले जाती है. खैर बात संवादों से शुरु है लेकिन संवादों की नहीं है. द डर्टी पिक्चर किसी नए सत्य से रूबरू नहीं कराती खासकर हम जैसे लोगों को जो क्रुर से क्रुर यथार्थ जानने का दावा करते हैं और शायद ही उससे विचलित होते हैं. द डर्टी पिक्चर हमें सिनेमा के पर्दे के पीछे की दुनिया को उजागर करता है जो चमक दमक और रंगीनियों से भरी हुई लेकिन जिस पर बनी है उस जमीन के नीचे बजबजाता नाला बह रहा है. यह वह दुनिया है जहां पुरूष नियंता की भूमिका में हैं. स्त्री को यह मिथ्याभाष हो सकता है कि वह स्टार है लेकिन जैसे ही यह स्टारपन पुरूषोचित अहम पर चोट करता है उसे ठिकाने लगाया जा सकता है. ‘फ़ाइट टू फ़िनिश’ की जंग हो सकती है और एसे हालात बन सकते हैं कि पहचान भी लुप्त हो जाये और अकेलेपन में घिरे होकर सड़कों पर चिल्लाना पड़े ‘कोई मुझसे बात करो’.
इस दुनिया का परिचय पिछले दिनों के अखबार में टटोला जा सकता है. एक कन्नड अभिनेत्री को कैसे कन्नड फ़िल्म उद्योग ने प्रतिबंधित कर दिया था.  इस दुनिया का परिचय काफ़ी चटखारा लेने वाले अंदाज में शोभा डे ने अपने उपन्यास “स्टारी नाईट्स” में दिया था. काफ़ी साल पहले श्याम बेनेगल ने  भूमिका बनाई थी जो एक प्रेम से अतृप्त स्त्री की प्रेम की तलाश को दिखाता था. इससे मिलती जुलती दुनिया मंधुर भंडारकर ने “फ़ैशन”  में भी दिखाई थी. लेकिन वह एक स्त्री के इस दुनिया में दोबारा उठ खड़े होने की कहानी कह रहा था लेकिन द डर्टी पिक्चर उस स्त्री की कहानी कहता है जो विकल्पहीन होकर अपना अंत कर लेती है. उसे उसके ‘इमेज’ में ऐसे बांध दिया गया है जिससे वह बाहर निकलना चाहे भी तो नहीं निकल सकती वह वापसी के लिये भी इसी इमेज को भुनाना चाहती है लेकिन प्रयास निरर्थक और आत्मघाती हो जाता है. इस ‘इमेज’ के चलते वह उन भूमिकाओं के लायक भी नहीं जो इसी फ़िल्म में एक अन्य नायिका को मिलती है जो सुर्या की नायिका बनने के बाद  उसकी मां भी बनती है. इसीलिये द डर्टी पिक्चर पर्दे पर दिखने वाले दृश्यों से अधिक उन दृश्यों में है जिसे हम दबा हुआ पाठ या उपपाठ या  बिटविन द लाइन्स कहते हैं.
द डर्टी पिक्चर निश्चय ही सिल्क स्मिता के जीवन से प्रभावित है और कथा आधार वहीं से चुनती है लेकिन यह ठीक उसी प्रकार का चुनाव है जैसे किसी इतिहास खंड से कोई कथा चुनते वक्त लेखक अपने हिस्से का पाठ चुनता है वह उसकी स्वतंत्र रुप से व्याख्या कर सकता है क्योंकि यहां निर्देशक कह रहा है कि यह सिल्क स्मिता की जीवनी नही है, हमें मान लेना चाहिये. यह एक ऐसी लड़की की कहानी है जो फ़िल्मों मे काम करने के ख्वाब लेकर बड़े शहर में आती है निराश होकर वह हर वह काम करने को तियार है जो उसे काम दिलाये.  उसे काम अपनी शर्तों पर नहीं मिलता और ना ही मिलना जारी रहता है. उसे उछाला जाता है पुरुष अहम को सहलाने के लिये और गिराया भी जाता है उस अहम को ठेस पहूंचाने के लिये.  अलबत्ता वह मुगालता पाले हुए है कि वह सिल्क है सिल्क और जब दुसरी बार वह संवाद दोहराती है तो इस संवाद का खोखलापन साफ़ उभर आता है. सुपरस्टार सुर्या(नसिरुद्दीन शाह, जिन्होंने इस चरित्र के काईंयापन को बखुबी निभाया है) ही इस उद्योग की केन्द्रीय सत्ता है जो नियंता है. सारे पुरूष उसी के साये में पलते हैं वह किसी भी फालतु निर्माता को निर्देशक और किसी भी कहानी पर फ़िल्म बना सकता है. वह ट्रेंड सेटर भी है और ट्रेड ब्रेकर भी है. इसके खिलाफ़ चलने वालों को समझौता करना पड़ता है या निर्वासन झेलना पड़ता है. वैसे सिल्क भी एक घोड़े पर दांव आजमाती है लेकिन वह भी उसके लिये नहीं दौड़ पाता. फ़िल्म परत दर परत सिनेमा उद्योग में निर्माता से लेकर दर्शक तक व्याप्त पुरुष कुंठा को उघाड़ती है और उस दोहरेपन को भी जिसे सिनेमाघरों के अंधेरे में ही पहचाना जाता है.  वह हर एक मर्द के बिस्तर का ख्वाब बन सकती है लेकिन पत्नी नहीं बन सकती. उसे ‘छूता’ कोई नहीं सभी ‘टच’ करते हैं. उस देह को जिस देह का उसके आत्मा से शायद ही कोई संबध है वह निर्विकार भाव से अपने इस ‘देह’ का इस्तेमाल करती है. अंततः इस देह का अस्त्र ही उसका साथ छोड़ जाता है. इस ‘देह’ में कुछ ऐसा नहीं रहता जो देखा नहीं गया हो. यह देह स्त्री की वह देह है जो भोगे जाने के लिये संतप्त है. जिस पर उसका अधिकार ही नहीं है यद्यपि कि उसे ऐसा लगता रहा है. फ़िल्म में भी सिल्क की देह भोगे जाने के एतिहासिक क्रम में ही है. उसके अंत के बाद बड़ी सफ़ाई से शकीला उसका स्थान ले लेती है. फ़िल्म के क्लाईमेक्स से कुछ पहले उसे सुर्यकांत के साथ देखा जा सकता है वैसे सुर्या मुख्या नायिका को उघाड़ने का सिलसिला शुरु करने वाला है और यह सिनेमा इतिहास का बदलाव है जिसे द डर्टी पिक्चर संदर्भ के रूप में दर्ज करता है.
द डर्टी पिक्चर को विद्या बालन की केन्द्रीय भूमिका के लिये याद रखा जायेगा. वैसे फ़िल्म से पहले तक उनके सेंसुअलिटी और सेक्सुअलिटी कि व्यापक चर्चा हुई. जैसा कि प्रचलन है हिन्दी सिनेमा में. इस दौर में भी अभिनेत्री के अभिनय की नहीं उसकी लुक की चर्चा होती है. भावाभिव्यक्ति से अधिक आकार को नापा जाता है. फ़िल्म रीलिज होने के बाद विद्या के अभिनय की चर्चा हो रही है. वैसे विद्या जिस फ़िल्म में अभिनय करती है उसकी चर्चा होती हैं. उनके फ़िल्मों की लिस्ट से बड़ी तो उनके पुरस्कारों की लिस्ट है. इस साल आई तीन महिला प्रधान फ़िल्मों में दो की नायिका वहीं है और आने वाली फ़िल्म ‘कहानी’ की भी केन्द्रीय चरित्र वहीं है. विद्या बालन पुरूष वर्चस्व वाले सिनेमा उद्योग में एक विकल्प की तरह उभर सकती है. प्रोमोशन के इस दौर  में सिनेमा को चलाने की जिम्मेवारी स्टार्स को उठानी पड़ती है. इसलिये प्रचार प्रसार के केंद्र में स्टार ही रहता है. द डर्टी पिक्चर में सारा प्रमोशन विद्या बालन को ही केन्द्र में रख कर किया गया. टेलीविजन चैनलों में टूर प्रोग्राम में, अखबारों में विद्या ही केन्द्र में थी. फ़िल्म के पोस्टर में भी  विद्या को ही उभारा गया था. इससे पहले आई फ़िल्म ‘नो वन किल्ड जेसिका’ में भी रानी मुखर्जी के साथ साथ प्रचार का जिम्मा उन्होंने संभाला था और आगामी ‘कहानी’ के प्रमोशन की जिम्मेवारी उन्हीं पर होगी. विद्या का ऐसा उभार और बाक्स आफ़िस पर सफ़लता उनके ब्रांड वैल्यु को मजबुत करेगा और जिसकी ब्रांड वैल्यु हो सिनेमा उद्योग उस पर दांव लगाता ही है. अतः विद्या अपने उन समकक्ष अभिनेत्रियों से थोड़ी ऊंचाई पर खड़ी हो सकती है जो केवल ‘शो पीस’ बन कर फ़िल्मों में आ रही हैं और पत्रिकाओं के पन्ने पर चल रही रैट रेस में दौड़ लगा रहीं हैं. लेकिन यहां सावधानी विद्या को भी बरतनी होगी चुनाव में क्योंकि हिन्दी सिनेमा का इतिहास रहा है कि अच्छी अभिनेत्रियां को उभरने के साथ ही ठिकाने लगा दिया जाता है. तब्बु का उदाहरण सामने है.
द डर्टी पिक्चर एक मध्यमार्गी सिनेमा है जिसमें उसकी अपनी खुबियां और खामियां है. फ़िल्म बनाते समय यह ध्यान रखा गया है कि इसे एक व्यापक दर्शक वर्ग मिले. लेकिन साथ ही यह मर्म को भी छूए इसका भी खयाल रखा गया है. मध्यांतर के पहले तक  दिलचस्प हिस्सा मध्यांतर के कुछ देर बात तक हिचकोले खाता है और अंत में जाकर संभलता है. कुछ चरित्रों का जहां विकास नहीं हो पाता है वहीं  दो अनावश्यक  गानों में समय जाया करता है. मीडिया और सिनेमा उद्योग के गठजोड़ को नायला (अंजु महेन्द्रु जो शोभा डे से मिलती जुलती किरदार में हैं) के चरित्र के माध्यम से और उभारा जा सकता था लेकिन निर्देशक ने यहां मौका खो दिया है. इसी तरह मां के साथ सिल्क के संबंध को लेकर उसके द्वंद्व को भी निर्देशक ने जगह नहीं दी है और इसी कारण मां का वापस लौटना कन्विसिंग नहीं लगता है. फ़िल्म के पर्याप्त द्विअर्थी संवाद दर असल एक अर्थी है और ध्यान रहें हैं सिल्क की भाषा में जहां भी आता है वहां इसका संदर्भ यह है कि सिल्क ने यह भाषा लड़कों की संगत में ही सिखी है. द डर्टी पिक्चर दर असल अंधेरे में पुरुषों के नंगेपन को उघाड़ता है बशर्ते की पुरूष… नहीं यहां मर्द कहना उचित होगा बशर्ते कि मर्द उसे देखें आंख ना फ़ेरे…